May 11, 2026
#National News

दिल्ली में आधी रात आग का तांडव: शकूर बस्ती में 100 से ज्यादा झुग्गियां जलकर राख

राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिम इलाके शकूर बस्ती में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 100 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं और कई परिवार बेघर हो गए।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

Delhi Fire Service के अनुसार, आग लगने की सूचना रात 11 बजकर 14 मिनट पर मिली। शुरुआत में दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण बाद में और गाड़ियों को भी लगाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, झुग्गियों में इस्तेमाल होने वाली ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। करीब दो एकड़ क्षेत्र में फैली इस आग पर देर रात लगभग 12:40 बजे काबू पा लिया गया।

फिलहाल, आग पूरी तरह से बुझने के बाद दोबारा भड़कने से रोकने के लिए कूलिंग ऑपरेशन जारी है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।