चंडीगढ़: Board of School Education Haryana ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, सीनियर सेकेंडरी (12वीं) का रिजल्ट 14 मई को जारी किया जाएगा, जबकि सेकेंडरी (10वीं) का परिणाम 17 मई को घोषित होगा।
बोर्ड चेयरमैन Dr. Pawan Kumar ने बताया कि इस बार रिजल्ट प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए उत्तर पुस्तिकाओं की दो बार जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन कार्य सख्ती और निष्पक्षता के साथ पूरा किया जा रहा है।
इस वर्ष हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी और मार्च महीने में आयोजित की गई थीं। इसके अलावा कुछ विषयों की पुनः परीक्षा 21 अप्रैल से 1 मई तक करवाई गई, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सके।
बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक इस बार 12वीं की परीक्षा में करीब 2,95,478 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जबकि 10वीं बोर्ड परीक्षा में लगभग 3,70,663 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया।
विद्यार्थी रिजल्ट जारी होने के बाद हरियाणा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे।

