June 24, 2026
#Haryana News

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग चेयरमैन हिम्मत सिंह ने रखा दो साल का ‘रिपोर्ट कार्ड’

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने पिछले दो वर्षों में 46,951 युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का दावा किया है। आयोग ने यह भी कहा कि करीब 13 हजार लंबित भर्तियों की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी और आने वाले समय में हजारों नए पदों के लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे।

एचएसएससी के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कार्यभार संभालने के दो वर्ष पूरे होने पर अपना “रिपोर्ट कार्ड” जारी करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और परिणाम आधारित बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि युवाओं का सरकारी भर्ती प्रणाली पर भरोसा मजबूत हो सके।

उन्होंने बताया कि 8 जून 2024 को जिम्मेदारी संभालते समय कई प्रशासनिक और प्रक्रियागत चुनौतियां थीं, लेकिन आयोग की प्राथमिकता स्पष्ट थी — मेहनती अभ्यर्थियों को समय पर अवसर और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया उपलब्ध कराना।

आयोग के अनुसार पिछले दो वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धियों में एक साथ 25 हजार अभ्यर्थियों के परिणाम घोषित करना शामिल रहा। इसे आयोग के इतिहास की सबसे बड़ी भर्ती उपलब्धियों में माना जा रहा है। इससे लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे युवाओं को बड़ी राहत मिली।

कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) ग्रुप-सी परीक्षा को भी बड़ी उपलब्धि बताया गया। आयोग के मुताबिक करीब 13.5 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें लगभग 92 प्रतिशत उम्मीदवारों ने परीक्षा में हिस्सा लिया।

हिम्मत सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी परीक्षा का सफल संचालन जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, रोडवेज कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं और मीडिया के सहयोग से संभव हो पाया।

उन्होंने कहा कि आयोग अब अगले चरण की तैयारियों में जुटा है। लंबित भर्तियों को जल्द पूरा करने के साथ नई भर्ती प्रक्रियाओं को भी समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।