हरियाणा के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव भोंड में मंगलवार शाम आए तेज तूफान और आंधी ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। तेज हवाओं के कारण उड़कर आई लोहे की टीन लगने से 12वीं कक्षा के 18 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार गांव भोंड निवासी आकिल पुत्र जमशेद मंगलवार शाम अपने घर के बरामदे में बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और इलाके में तेज आंधी के साथ तूफान शुरू हो गया। तेज हवाओं के चलते घर के पास लगा लोहे का टीन शेड उखड़कर हवा में उड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उड़ती हुई लोहे की टीन सीधे आकिल की गर्दन पर जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हादसे के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए मांडीखेड़ा स्थित अल-आफिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक आकिल 12वीं कक्षा का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाता था। गांव के लोगों ने बताया कि आकिल बेहद मिलनसार, मेहनती और शांत स्वभाव का युवक था। उसकी अचानक मौत से पूरे गांव में गहरा दुख और शोक का माहौल है।
मंगलवार शाम आए तेज तूफान और आंधी के कारण क्षेत्र के कई गांवों में भी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और कमजोर ढांचों, टीन शेड तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।

