पंचकूला पुलिस ने अनुशासनहीनता और शक्ति के दुरुपयोग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए रामगढ़ चौकी क्षेत्र में तैनात विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) जयवीर सिंह को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस वीडियो के बाद की गई, जिसमें एसपीओ एक युवक के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा था।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के क्षेत्र में घूमने की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां संबंधित व्यक्ति कथित रूप से नशे की हालत में मिला। इसी दौरान एसपीओ जयवीर सिंह द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की घटना सामने आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
मामला डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के संज्ञान में आते ही उन्होंने पूरे प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा की और तत्काल प्रभाव से एसपीओ जयवीर सिंह को सेवा से बर्खास्त करने के आदेश जारी कर दिए।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि पंचकूला पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, दुर्व्यवहार और अधिकारों के दुरुपयोग के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करना है। यदि कोई पुलिसकर्मी निर्धारित आचरण के विपरीत कार्य करता है, तो उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी दोहराया कि पंचकूला पुलिस जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और विभाग में जवाबदेही तथा अनुशासन बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

