July 14, 2026
#Tricity News

पंचकूला सेक्टर-6 में पार्किंग बनी बड़ी समस्या, सड़क किनारे खड़े वाहनों से बढ़ रही ट्रैफिक परेशानी

पंचकूला के सेक्टर-6 में पार्किंग व्यवस्था की कमी अब आम लोगों और प्रशासन दोनों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। हरियाणा सरकार के अधिकांश प्रमुख विभागों और मुख्यालय इसी सेक्टर में स्थित होने के कारण रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं। पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध न होने के चलते लोगों को मजबूरन अपने वाहन सड़कों के किनारे खड़े करने पड़ रहे हैं।

सड़क किनारे बड़ी संख्या में खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति भी देखने को मिलती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से पार्किंग की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस भी कई बार चालान करने के बजाय वाहनों को सड़क से हटाकर व्यवस्थित ढंग से खड़ा करवाने पर ध्यान देती नजर आती है, ताकि यातायात पूरी तरह बाधित न हो।

इस संबंध में जब एसीपी ट्रैफिक सुरिंदर डोडी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर विचार किया जा रहा है और जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके और सेक्टर-6 में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।