यमुनानगर नगर निगम ने 26 जुलाई को जगाधरी में आयोजित होने वाली नशा विरोधी मैराथन की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस मैराथन को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह 5:15 बजे मटका चौक, जगाधरी से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
मैराथन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों की टीम के साथ अंबाला रोड, जगाधरी-पांवटा साहिब रोड, बिलासपुर रोड और बाईपास रोड सहित विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैराथन रूट की सुरक्षा, सफाई और सड़क मरम्मत कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त ने कहा कि मैराथन में भाग लेने वाले धावकों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पूरे रूट की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, विशेष सफाई अभियान चलाने, सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई, पेड़ों की लटकती शाखाओं की छंटाई और आवश्यक सड़क संकेतक व सुरक्षा इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त धीरज कुमार, मुख्यमंत्री के सुशासन सहयोगी अभिश्रुति, कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, हरीश कुमार, कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह, सहायक अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, सुरेंद्र दहिया और मृणाल जायसवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
महाबीर प्रसाद ने बताया कि 10 किलोमीटर लंबी इस मैराथन में युवाओं और युवतियों की अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने का संदेश देना है।

