नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने देर रात NEET UG 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से देश में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
इस बार मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा में 11.21 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जो अब तक का एक रिकॉर्ड है। परिणामों के अनुसार, 19 छात्रों ने 700 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जबकि 1,492 अभ्यर्थियों ने 650 से अधिक अंक हासिल किए हैं।
समय पर जारी हुआ परिणाम
NTA ने स्पष्ट किया कि NEET UG 2026 का परिणाम निर्धारित समय पर जारी किया गया है। इसके चलते मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश की आगे की प्रक्रिया और काउंसलिंग भी तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। इससे लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी।
अब सफल अभ्यर्थी जल्द ही ऑल इंडिया और राज्य स्तरीय काउंसलिंग में भाग लेकर MBBS, BDS और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे।

