May 12, 2026
#Haryana News

13 दिन में ही बहाल हुए डॉ. सतबीर कादयान, अब नई जिम्मेदारी के साथ कुरुक्षेत्र में तैनाती

हरियाणा में सिंचाई योजनाओं में देरी के आरोपों के चलते 15 अप्रैल को निलंबित किए गए Dr Satbir Singh Kadyan को मात्र 13 दिन बाद ही बहाल कर दिया गया है।

डॉ. कादयान पहले हरियाणा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में इंजीनियर-इन-चीफ के पद पर तैनात थे और साथ ही हरियाणा जल संसाधन प्राधिकरण में मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। अब उन्हें कुरुक्षेत्र स्थित हरियाणा सिंचाई अनुसंधान एवं प्रबंधन संस्थान (हिरमी) में विभागाध्यक्ष (विशेष) के पद पर नियुक्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, उन पर सिंचाई परियोजनाओं में देरी को लेकर सवाल उठे थे। खासतौर पर यमुनानगर में चल रहे अगमेंटेशन चैनल प्रोजेक्ट, जिसकी क्षमता 4500 क्यूसेक से बढ़ाकर 6065 क्यूसेक करनी थी, समय पर पूरा नहीं हो सका। यह परियोजना 2024 तक पूरी होनी थी, लेकिन अब तक लंबित है।

इसके अलावा, विश्व बैंक की मदद से चल रही ‘सिक्योर हरियाणा’ योजना के क्रियान्वयन को लेकर भी उन पर आरोप लगे थे। इन कारणों से सरकार नाराज हुई थी और उन्हें निलंबित किया गया था।

अब बहाली के बाद उन्हें हिरमी में नई जिम्मेदारी दी गई है, जहां जल संसाधनों के संरक्षण, सिंचाई प्रबंधन और तकनीकी प्रशिक्षण से जुड़े कार्य किए जाते हैं। यह संस्थान जल सुरक्षा, ई-टेंडरिंग और आधुनिक सिंचाई तकनीकों पर भी काम करता है।