पूंडरी क्षेत्र के गांव भाना में 3 हजार रुपये के विवाद में एक मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। दोस्त ने ही हथौड़े से सिर पर कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
मृतक की पहचान बिहार निवासी 36 वर्षीय मजदूर कामेश्वर दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब कामेश्वर दास अपने साथी मजदूर उमेश दास के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान उमेश ने उस पर 3 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगाया।
विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए उमेश दास ने हथौड़े से कामेश्वर के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

