June 23, 2026
#Haryana News

ओटीपी अटका, सेवा सुरक्षा लटकी: 11 जून को शिक्षा मंत्री के घर घेराव करेंगे कंप्यूटर लैब अटेंडेंट

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पिछले 14 वर्षों से कार्यरत कंप्यूटर लैब अटेंडेंट अब अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी में हैं। कंप्यूटर लैब अटेंडेंट संघ ने ऐलान किया है कि 11 जून 2026 को प्रदेशभर के कर्मचारी शिक्षा मंत्री के पानीपत स्थित निवास पर प्रदर्शन करेंगे।

प्रदेशाध्यक्ष करमजीत संधू ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें लंबे समय से सरकार और विभाग के सामने रखी जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में तकनीकी जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद कंप्यूटर लैब अटेंडेंट को केवल 12 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है और वह भी पूरे साल का नहीं मिलता। गर्मी और सर्दी की छुट्टियों का वेतन काट लिया जाता है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

सर्विस सिक्योरिटी पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतें

प्रदेश महासचिव मनोज अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने 2024 में हरियाणा सर्विस सिक्योरिटी एक्ट लागू किया था, जिसके तहत कच्चे कर्मचारियों को 58 वर्ष तक सेवा सुरक्षा देने का प्रावधान किया गया। कंप्यूटर लैब अटेंडेंट भी लंबे समय से अनुबंध आधार पर काम कर रहे हैं और खुद को इस कानून के दायरे में मानते हैं।

संघ का आरोप है कि सर्विस सिक्योरिटी पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी समस्याएं सामने आईं। कर्मचारियों को समय पर ओटीपी नहीं मिले, जिसके कारण बड़ी संख्या में पात्र कर्मचारी आवेदन नहीं कर सके। आवेदन की अंतिम तिथि 15 अप्रैल 2026 समाप्त हो चुकी है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

कर्मचारियों ने सरकार से मांग की है कि:

🔹 सर्विस सिक्योरिटी पोर्टल पर आवेदन की तारीख बढ़ाई जाए
🔹 सभी पात्र कर्मचारियों को ओटीपी जारी कर आवेदन का अवसर दिया जाए
🔹 सेवा सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित किया जाए
🔹 सम्मानजनक वेतन वृद्धि लागू की जाए
🔹 गर्मी और सर्दी की छुट्टियों का वेतन जारी किया जाए
🔹 वेतन भुगतान में होने वाली देरी खत्म की जाए

संघ नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।