June 23, 2026
#Tricity News

हरियाणा में मौसम ने बदली करवट: अगले 3 दिन बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, कई जिलों में बिजली गिरने की आशंका

चंडीगढ़, 11 जून: हरियाणा में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ले ली है। गुरुवार शाम राजस्थान से सटे फतेहाबाद जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जिसके बाद मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी कर दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 से 13 जून तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, हांसी, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद, पलवल, जींद, रोहतक और झज्जर जिलों में धूलभरी आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है।

वहीं अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद और पंचकूला सहित उत्तरी एवं मध्य हरियाणा के जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। सामान्य रूप से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने और यातायात प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है।

14 जून तक बदला रहेगा मौसम

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 14 जून तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और पंजाब के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से राज्य में मौसम गतिविधियां तेज होंगी।

रोहतक रहा सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों के दौरान रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 43.9°C, सिरसा में 43.6°C और अंबाला में 42.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।

गुरुग्राम में सबसे ठंडी रात

न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुरुग्राम में सबसे कम 21.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि सिरसा में रात का तापमान 30.8°C और चंडीगढ़ में 29.4°C रहा।

महेंद्रगढ़ में 19 मिमी तथा भिवानी और हिसार में लगभग 3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिली।