चंडीगढ़/हिसार: युवा मामले और खेल मंत्रालय के नेतृत्व में ‘माई यूथ इंडिया (MY Bharat)’ द्वारा आयोजित ‘माई भारत बजट क्वेस्ट 2026’ का ग्रैंड फिनाले 12 और 13 अप्रैल को चंडीगढ़ और हरियाणा के हिसार में आयोजित किया जाएगा। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के चयनित युवा भाग लेंगे।
इस संबंध में चंडीगढ़ और हिसार में अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम का आयोजन पंजाब यूनिवर्सिटी के UIET कन्वेंशन सेंटर और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में किया जाएगा।
यह मंच देश के प्रतिभाशाली युवाओं को एक साथ लाने का काम करता है, जिन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के चरणों को पार कर फिनाले तक अपनी जगह बनाई है। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में युवा, अकादमिक विशेषज्ञों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं के साथ मिलकर केंद्रीय बजट 2026 से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
12 अप्रैल को महिलाओं के लिए विशेष युवा संसद का आयोजन किया जाएगा, जिसका थीम ‘नारी शक्ति: विकसित भारत की आवाज’ रखा गया है। इस सत्र में महिला प्रतिभागी संसदीय शैली में अपने विचार प्रस्तुत करेंगी और महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगी।
इसके अलावा, चंडीगढ़ में ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के तहत एक साइकिल रैली भी आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
13 अप्रैल को मुख्य सत्र के दौरान 700 से अधिक चयनित युवा देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ सीधे संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम युवाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ देश को ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

