21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और रोडवेज विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा जिले के 8 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जहां कुल 2,708 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक ऑफलाइन मोड में संपन्न होगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार ने रोडवेज की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की है। उम्मीदवारों को इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्रा के दौरान अपना NEET-UG एडमिट कार्ड दिखाना होगा।
करनाल रोडवेज के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि परीक्षा के मद्देनजर सभी बस स्टैंडों पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। साथ ही जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि जिन छात्रों के परीक्षा केंद्र दूसरे जिलों में हैं, उनके लिए भी विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान उम्मीदवारों को टिकट जारी की जाएगी, लेकिन इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह टिकट केवल रिकॉर्ड बनाए रखने के उद्देश्य से होगी।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और अपने साथ एडमिट कार्ड सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अवश्य रखें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

