July 14, 2026
#Haryana News

Punjab Haryana Weather: 2 जुलाई से पंजाब-हरियाणा में झमाझम बारिश के आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए बारिश को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब और हरियाणा में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। 2 से 4 जुलाई के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के चलते पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं 29 जून से 1 जुलाई और 5 जुलाई को भी कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

आईएमडी के अनुसार जून महीने में मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहा। पंजाब में सामान्य से 41 प्रतिशत और हरियाणा में 40 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। हालांकि अब मौसम में बदलाव के साथ मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने व तेज हवाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।