May 12, 2026
#Haryana News

हांसी में दर्दनाक हादसा: स्कूल से लौटे मासूम की करंट लगने से मौत, गांव में पसरा मातम

हरियाणा के हांसी क्षेत्र के उमरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक सात वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। मासूम स्कूल से घर लौटने के बाद कपड़े बदल रहा था, तभी वह अचानक बिजली की खुली तार की चपेट में आ गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सात वर्षीय तनुज के रूप में हुई है, जो तीसरी कक्षा में पढ़ता था। गुरुवार को वह रोज़ की तरह स्कूल से घर पहुंचा और कपड़े बदलने लगा। इसी दौरान घर में लगी पानी की मोटर की खुली तार के संपर्क में आने से उसे तेज करंट लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद परिजन उसे इलाज के लिए हांसी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन वहां पहुंचने पर जांच के बाद डॉक्टरों ने तनुज को मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता सतीश गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में काम करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। तनुज की एक बड़ी बहन भी है। इस हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है। अस्पताल में परिजनों के रोने की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।

गांव उमरा में इस दुखद घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए बिजली सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए।