August 12, 2026
#Tricity News

चंडीगढ़ के कई स्कूलों को फिर मिले बम धमकी वाले ई-मेल, पुलिस और बम स्क्वॉड अलर्ट

चंडीगढ़ में स्कूलों को बम धमकी वाले ई-मेल मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। बृहस्पतिवार सुबह शहर के कई निजी स्कूलों को एक बार फिर धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए, जिसके बाद पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-45 स्थित सेंट स्टीफंस स्कूल, सेक्टर-40 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) और सेक्टर-25 स्थित चितकारा इंटरनेशनल स्कूल को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए। ई-मेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। स्कूल भवनों, कक्षाओं, पार्किंग एरिया और आसपास के परिसर की गहन तलाशी ली गई।

हालांकि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद स्कूलों को सुरक्षित घोषित कर दिया गया और प्रबंधन ने दोबारा कक्षाएं शुरू कर दीं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हाल के महीनों में यह चौथी बार है जब चंडीगढ़ के स्कूलों को इस तरह के धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। इससे पहले भी कई स्कूलों के अलावा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट और नगर निगम चंडीगढ़ को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।

सूत्रों के अनुसार हालिया मामलों में अलग-अलग समय पर विभिन्न स्कूलों को ई-मेल भेजे जा रहे हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस की साइबर टीम ई-मेल भेजने वालों की पहचान करने में जुटी हुई है।

चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।