सोनीपत जिले के कामी गांव में अदालत में गवाही देने से नाराज एक युवक द्वारा बुजुर्ग किसान पर हमला करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
पीड़ित महावीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने खेतों में साझा ट्यूबवेल से सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान कुलदीप वहां पहुंचा और ट्यूबवेल पर अपना अधिकार जताते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर लात-घूंसों और थप्पड़ों से हमला कर दिया, जिससे महावीर घायल हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उस पर चल रहे आपराधिक मामलों में समझौता करने का दबाव बना रहा था। आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसके बेटे अदालत में गवाही देते रहे तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। साथ ही छोटे बेटे नरेंद्र को अपाहिज करने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार पीड़ित परिवार और आरोपी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। वर्ष 2023 में पीड़ित के बड़े बेटे पर हमला कर उसके दोनों पैर तोड़ने का मामला भी सामने आया था, जिसमें 2025 में केस दर्ज किया गया था। दिसंबर 2025 में अदालत परिसर में धमकी देने की शिकायत भी पुलिस को दी गई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

