पंचकूला के सेक्टर-5 में सोमवार शाम एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां हरियाणा पुलिस में तैनात एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) को युवती से सोने की चेन छीनने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपी को एक सतर्क महिला ने अपनी कार से उसकी बाइक को टक्कर मारकर भागने से रोक दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव कुमार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में सेक्टर-16 पुलिस चौकी में एसपीओ के पद पर तैनात है। वह अंबाला जिले के नारायणगढ़ का रहने वाला बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-2 निवासी एक युवती खरीदारी के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल के पास सुनसान इलाके में बाइक सवार आरोपी ने उसकी सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार होने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रही एक महिला कार चालक ने घटना को अपनी आंखों से देखा और तुरंत आरोपी की बाइक को अपनी कार से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आरोपी सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद महिला और उनके पति कार से बाहर निकले और आरोपी को पकड़ लिया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला यह कहते हुए दिखाई देती हैं कि, “मैं उतरते ही इसे पकड़ लिया।” मौके से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चेन स्नैचिंग का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या किसी संगठित अपराध गिरोह से उसका संबंध है।

