दिल्ली में प्रस्तावित Cockroach Janta Party (CJP) के प्रदर्शन को लेकर हरियाणा और दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने दिल्ली जाने वाले प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Cockroach Janta Party के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शन का आह्वान किया है। यह प्रदर्शन NEET परीक्षा पेपर लीक और अन्य भर्ती व प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आयोजित किया जा रहा है।
इसी बीच, प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रोहतक से दिल्ली जा रहे जिला पार्षद जयदेव डागर और उनके समर्थकों को सांपला पुलिस ने बाईपास पर रोक लिया। इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने जयदेव डागर और उनके समर्थकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
उधर, दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स तैनात कर वाहनों की जांच बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क हैं।
Cockroach Janta Party की ओर से NEET पेपर लीक मामले और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग की जा रही है। इसी क्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन की घोषणा की गई है।
पुलिस और प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

