June 24, 2026
#Haryana News

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, थार का टायर फटा; एक युवक की मौत, दो घायल

नूंह में दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। थाना नगीना क्षेत्र के गांव उमरी के पास एक्सप्रेसवे पर पिलर संख्या 42.60 के निकट एक थार गाड़ी का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार थार गाड़ी जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। वाहन में कुल तीन लोग सवार थे। अचानक टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई।

हादसे में बदरपुर दिल्ली निवासी 30 वर्षीय प्रिंस पुत्र इंदरजीत की मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं घायल दो अन्य लोगों का इलाज नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना नगीना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।

गौरतलब है कि दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। कई मामलों में तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी हादसों की बड़ी वजह बन रही है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां समय-समय पर सुरक्षा उपायों के दावे करती रही हैं, लेकिन इसके बावजूद दुर्घटनाओं में कमी नहीं आ रही।