June 23, 2026
#Haryana News

155 करोड़ रुपये OBC बैंक घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, AAP नेता दीपक सिंगला समेत 11 ठिकानों पर छापेमारी

155.21 करोड़ रुपये के ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स (OBC) बैंक घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता दीपक सिंगला और उनके सहयोगियों से जुड़े 11 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई करनाल, दिल्ली और गोवा में एक साथ की गई।

ईडी के अनुसार यह मामला मेसर्स महेश टिंबर प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर पर आधारित है। जांच एजेंसी का आरोप है कि इस कथित बैंक धोखाधड़ी से ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स और अन्य कंसोर्टियम बैंकों को करीब 155.21 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

जांच में सामने आया है कि दीपक सिंगला, उनके भाई रमन सिंघल और उनके मामा अशोक कुमार मित्तल ने भारत और सिंगापुर में आपस में जुड़ी कंपनियों का एक नेटवर्क तैयार किया था। आरोप है कि इन कंपनियों के माध्यम से फर्जी व्यापारिक दस्तावेज, बिल ऑफ लैडिंग और बिल ऑफ एंट्री तैयार कर बैंकों से विदेशी साख पत्र (Letter of Credit) हासिल किए गए और बाद में उनकी सीमा को कथित रूप से बढ़ाया गया।

ईडी का दावा है कि जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि लकड़ी के आयात से जुड़े अधिकांश दस्तावेज फर्जी थे और वास्तव में कोई आयात नहीं हुआ था। एजेंसी के अनुसार पूरे लेनदेन को केवल कागजों पर दिखाकर बैंकिंग प्रणाली का दुरुपयोग किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि शुरुआती तौर पर 21.48 करोड़ रुपये के विदेशी साख पत्र जारी किए गए थे, जिन्हें बाद में कथित रूप से बढ़ाकर 173.04 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया गया। मामले में बैंक अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

ईडी ने बताया कि महेश टिंबर प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों के वित्तीय रिकॉर्ड, बैंकिंग लेनदेन और आयात संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच जारी है। एजेंसी का कहना है कि मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं तथा जांच के आधार पर आगे अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल ईडी द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, जबकि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।