June 23, 2026
#Haryana News

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मल्लिकार्जुन खड़गे से की मुलाकात, प्रदेश के राजनीतिक और जनहित मुद्दों पर हुई चर्चा

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान हरियाणा की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और प्रदेश से जुड़े विभिन्न जनहित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और मजदूरों की समस्याओं, युवाओं के सामने मौजूद चुनौतियों तथा भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर जनता में बढ़ रहे असंतोष के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष को जानकारी दी। उन्होंने हरियाणा में कांग्रेस संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं के उत्साह और आगामी राजनीतिक रणनीति से भी अवगत कराया।

इसके साथ ही उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी साझा करते हुए बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं और लोगों को जागरूक करने का काम कर रहे हैं।

राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति, बढ़ते अपराधों और आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का मुद्दा भी कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष उठाया। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना कांग्रेस की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने हरियाणा कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों की सराहना की और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का संदेश दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस हरियाणा में जनता के लिए एक मजबूत और विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभरेगी।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हरियाणा के लोगों की आवाज को मजबूती से उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।