गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-54 इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक डिलीवरी बॉय की हत्या कर उसका शव लोहे के बॉक्स में छिपा दिया गया। यह घटना रविवार रात सामने आई, जब पुलिस ने झुग्गी क्षेत्र से शव बरामद किया।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय अमन के रूप में हुई है, जो बिहार के सहरसा जिले के मुरली बसंतपुर गांव का रहने वाला था। वह शहर में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था और सेक्टर-54 में एक युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
मामले की जानकारी मृतक के बड़े भाई उमाशंकर को रविवार शाम करीब 6 बजे एक फोन कॉल के जरिए मिली। इसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झुग्गी क्षेत्र से एक लोहे का बॉक्स बरामद किया, जिसमें अमन का शव मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शव पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान हैं, जो करीब तीन से चार दिन पुराने बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक के साथ रह रही युवती और उसके एक साथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही, युवती द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।

