May 12, 2026
#Haryana News

किठवाड़ी में दिल दहला देने वाला हत्याकांड: पत्नी और मासूम बेटी की पीट-पीटकर हत्या, पति फरार

किठवाड़ी: गांव किठवाड़ी में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला और उसकी चार साल की मासूम बेटी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि वारदात के बाद पति अपने तीन महीने के बेटे को लेकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी तब सामने आई जब महिला के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मां-बेटी के शव घर के आंगन में पड़े थे और दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। नाक और कान से खून बहने के भी संकेत मिले।

मृतका के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष लंबे समय से दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर महिला को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

शिकायत के अनुसार, मृतका की शादी साल 2020 में हुई थी और तब से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। हाल ही में महिला ने बेटे को जन्म दिया था। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती होने के दौरान भी उसके परिवार के साथ मारपीट की गई और धमकियां दी गईं।

बीती शाम एक परिचित के फोन से परिवार को घटना की सूचना मिली। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस ने मामले में पति धर्मवीर सहित कुल छह लोगों—देवर, दो ननदों और सास-ससुर—के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, तीन महीने के बच्चे के लापता होने की भी जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।