नई दिल्ली/चंडीगढ़: बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने हरियाणा में केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस 18 से 20 मई तक प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Rao Narendra Singh ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि तय तिथियों के दौरान जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन और जुलूस निकाले जाएं। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता उपायुक्तों के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपेंगे।
यह निर्णय शुक्रवार को यमुनानगर के जगाधरी में आयोजित कांग्रेस प्रदेश कमेटी की बैठक में लिया गया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष की ओर से आधिकारिक पत्र जारी कर आंदोलन की रूपरेखा तय की गई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पश्चिम एशिया में बने युद्ध जैसे हालात से पहले और बाद में नीतिगत फैसले लेने में विफल रही है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ा है। पार्टी का कहना है कि तेल और गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की विफल नीतियों के कारण महंगाई दर एक महीने में लगभग दोगुनी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की कमजोर विदेश नीति और आर्थिक फैसलों का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ी है और लोगों की आवाज बुलंद करने के लिए प्रदेशभर में आंदोलन चलाया जाएगा।

