गुरुग्राम: हरियाणा सरकार ने रविवार देर रात पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं।
इस फेरबदल के तहत Sibash Kabiraj को गुरुग्राम का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले पंचकूला के पुलिस आयुक्त होने के साथ-साथ साइबर और एससीआरबी का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे।
वहीं अब तक गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर रहे Vikas Arora को एडीजीपी प्रशासन, पुलिस मुख्यालय पंचकूला की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार गुरुग्राम, करनाल, हिसार, पंचकूला और राज्य अपराध शाखा समेत कई अहम पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं।
विकास अरोड़ा जुलाई 2024 से गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर के पद पर तैनात थे। लंबे समय बाद उनका तबादला किया गया है। वहीं 1999 बैच के आईपीएस अधिकारी सिबाश कबिराज को अब गुरुग्राम जैसे महत्वपूर्ण पुलिस कमिश्नरेट की कमान सौंपी गई है।
हरियाणा पुलिस में हुए इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक रणनीति और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

