हरियाणा के कैथल जिले के कलायत स्थित ऐतिहासिक श्री कपिल मुनि मंदिर तीर्थ में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद से आहत होकर दो सगी बहनों ने तीर्थ के गहरे पानी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-1 रेलवे रोड (कुलवंत नगर) निवासी रविंद्र कुमार की 20 वर्षीय बेटी पलक, जो एक गैस एजेंसी में काम करती थी, और 18 वर्षीय परमजीत, जो बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी, का सोमवार रात घरेलू कामकाज को लेकर परिवार में विवाद हो गया था।
बताया जा रहा है कि इसी कहासुनी से मानसिक रूप से आहत होकर दोनों बहनें मंगलवार सुबह करीब 5:15 बजे कपिल मुनि मंदिर तीर्थ पहुंचीं। वहां उन्होंने अपनी चप्पलें किनारे उतारीं और रेलिंग पार कर तीर्थ के गहरे पानी में छलांग लगा दी।
जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो परिवार में मातम छा गया। बेटियों की मौत की खबर सुनकर मां भी सदमे में आ गईं और उन्होंने भी तीर्थ में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवतियों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी पारिवारिक बातों को लेकर बढ़ते मानसिक तनाव के मामलों पर समाज और परिवार दोनों को गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।

