May 12, 2026
#Haryana News

हरियाणा में येलो अलर्ट: अगले 5 दिन तेज गर्मी और लू का प्रकोप, पारा 44°C तक पहुंचने के आसार…

चंडीगढ़: हरियाणा में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है और मौसम विभाग ने राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक तेज गर्मी और लू के थपेड़ों से लोगों को जूझना पड़ सकता है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। इस दौरान लू चलने की संभावना भी जताई गई है, जिससे लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। रोहतक में रात का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5.9 डिग्री अधिक है। इसी तरह महेंद्रगढ़ में 25.7 डिग्री और अंबाला में 24.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से क्रमशः 5.8 और 4.4 डिग्री ज्यादा है।

दिन के तापमान की बात करें तो महेंद्रगढ़ में 42 डिग्री, रोहतक में 41.6 डिग्री, भिवानी में 40.5 डिग्री और हिसार में 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि राज्य में गर्मी लगातार बढ़ रही है।

हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि महीने के अंतिम दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है और लोगों को आंशिक राहत मिल सकती है।