May 12, 2026
#Haryana News #Politics

CM नायब सिंह सैनी की हाई पावर कमेटी बैठक: बिजली ढांचे को मजबूती, औद्योगिक विकास के लिए बड़े फैसले

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हाई पावर परचेज कमेटी (HPPC) की बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इन फैसलों का उद्देश्य बिजली व्यवस्था को मजबूत करना और औद्योगिक विकास को नई गति देना है।

बैठक में हरियाणा बिजली वितरण निगम के लिए 918.4 लाख रुपये की लागत से 220 केवी ट्रांसफार्मरों हेतु 41 एसएफ-6 गैस सर्किट ब्रेकरों की खरीद को मंजूरी दी गई। इस कदम से आपात परिस्थितियों में भी राज्य में निर्बाध और सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा, हिसार में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के विकास और नए शहरों की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रोग्राम मैनेजर के रूप में सलाहकार की नियुक्ति को भी स्वीकृति दी गई है। इस पहल से औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन फैसलों से हरियाणा की आर्थिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।